Hindi Poem - Leaves - पत्तियाँ - हिंदी कविता - Re Kabira 0141

Hindi Poem - Leaves - पत्तियाँ  - हिंदी कविता - Re Kabira 0141


पत्तियाँ 

तेज़ हवा में झरझराती
सूखी पत्तियाँ लगता है
इकट्ठी एकजुट हो
कुछ कह रही हैं
लाल-पीली रंग-बिरंगी
जो दरवाज़े के बाहर
एक गट्ठर में दुबकी बैठी
मन को पढ़ रही हैं

बोल रही हैं
"हम तुम्हारे मन की गहराइयों में कैद
वो मर्मराती इच्छाएं हैं जो हमारे जैसी
कल पेड़ों पर हरी-भरी लहराती सजी थीं
सोचा न था
जब मौसम बदलेगा झड़ जाएँगी
पेड़ से बिछड़ आँधी के साथ उड़ जाएँगी"

"हम भी
सरसराती विचलित हैं
खड़खड़ाती चोटिल हैं
आज़ाद हैं, मुक्त हैं
पर...
अपनी जड़ों से दूर हैं"

"तूफ़ान जब थम जाएगा
हम और कहीं 
किसी और की जड़ों में मिल 
चिरंतन कालचक्र की माटी में घुल
पुनः अवतरित हो जाएँगी
पेड़ों पर शायद फूल बन सज
भँवरों संग गुनगुनाएँगी"

"तुम भी ! संयम रखो
व्याकुल करती झरझराती.. सरसराती... खड़खड़ाती...
निरंतर इच्छाओं को झड़ जाने दो
शब्दों में ढल 
किसी कवि की कविता में परिवर्तित हो जाने दो"

"ओ रे कबीरा! जब मन शांत हो जाएगा
तुम वो कविता पढ़ लेना
कवि को मुस्कुरा धन्यवाद कह देना
कहना -
बाहर देखो मैं वही पत्ती हूँ
तुम्हारे द्वारे अपने पेड़ से दूर यहाँ पड़ी हूँ!"



आशुतोष झुड़ेले 'ओ रे कबीरा'
Ashutosh Jhureley 'O Re Kabira'
@OReKabira

-- o Re Kabira 141 o --

#जबलपुर, #हिंदी, #कविताकोष, #कविता, #पत्तियाँ, #इच्छाएं, 
#jabalpur, #hindi, #poems, #poetry, #leaves, #desires

Popular posts from this blog

बार-बार जन्म लेता रहा तू - Hindi Poetry - Re Kabira 111

Re Kabira - सर्वे भवन्तु सुखिनः (Sarve Bhavantu Sukhinah)

कुछ किस्से कहानियाँ - बेंदी - Hindi Stories - Bendi - Re Kabira 116